रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा परिसर स्थित कार्यालय में भारत सरकार के भूमि संसाधन विभाग के सचिव मनोज जोशी ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान राज्य में भू-अभिलेख प्रणाली को सुदृढ़ बनाने, आधुनिक तकनीकों से भूमि सर्वेक्षण तेज करने और राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार भू-राजस्व दस्तावेजों को अद्यतन करने और सुधारने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भू-अभिलेखों को पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए केंद्र की योजनाओं के साथ राज्य स्तर पर भी हर जरूरी कदम उठाए जाएं।
केंद्रीय सचिव मनोज जोशी ने बताया कि छत्तीसगढ़ में भू-अभिलेखों की स्थिति कई राज्यों से बेहतर है और डिजिटल सर्वेक्षण से इसमें और सुधार होगा। उन्होंने कहा कि जमीन की खरीद-बिक्री में अद्यतन नक्शों के अभाव से होने वाली समस्याओं को नई तकनीक से दूर किया जाएगा, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ेगी।