रायपुर/छत्तीसगढ़ की बेटी सुश्री अमिता श्रीवास अब दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के मिशन पर निकलने जा रही हैं। इस ऐतिहासिक अभियान से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं और उनके हौसले की सराहना की।
राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में हुई मुलाकात के दौरान सीएम साय ने कहा कि 9 अप्रैल को अमिता काठमांडू के लिए रवाना होंगी, जहां से उनका एवरेस्ट अभियान शुरू होगा। उन्होंने इसे सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के सपनों, साहस और आत्मविश्वास की उड़ान बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमिता श्रीवास का यह प्रयास इस बात का प्रमाण है कि मजबूत इरादों के साथ कोई भी ऊंचाई असंभव नहीं होती। उन्होंने प्रदेश की बेटियों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज वे हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और राज्य का नाम रोशन कर रही हैं।
गौरतलब है कि अमिता इससे पहले साल 2021 में माउंट किलिमंजारो को फतह कर अपनी काबिलियत साबित कर चुकी हैं। उनका यह नया अभियान युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत माना जा रहा है।सीएम साय ने विश्वास जताया कि अमिता अपने इस मिशन में सफलता हासिल कर देश का तिरंगा एवरेस्ट पर लहराएंगी और छत्तीसगढ़ सहित पूरे भारत का गौरव बढ़ाएंगी।

