जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार सुबह अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ कुनकुरी के छठ घाट पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ माता की पूजा-अर्चना की। सिर पर सूपा रखकर घाट तक पहुंचे मुख्यमंत्री ने श्रद्धा के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और प्रदेश की खुशहाली व समृद्धि की कामना की।
छठ पर्व के अवसर पर घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। मुख्यमंत्री साय ने व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं से बातचीत की और उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था और सूर्य उपासना का अद्भुत उदाहरण है, जो समाज में श्रद्धा, संयम और स्वच्छता का संदेश देता है।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

