रायपुर/बिलासपुर जिले के रहंगी में आयोजित किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 25 लाख 28 हजार किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। इनमें बिलासपुर जिले के 1 लाख 25 हजार से अधिक किसानों को लगभग 494 करोड़ रुपये मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के सम्मान और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है और होली से पहले यह राशि किसानों के लिए बड़ी सौगात है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में 263 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर जिले को विकास की नई गति देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को समय पर भुगतान, शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, खाद पर सब्सिडी और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार जैसे कदमों से खेती को मजबूत बना रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने चकरभाटा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, मंगला के स्कूल को हाई स्कूल में अपग्रेड करने और रहंगी खेल मैदान में बाउंड्रीवॉल व स्टेज निर्माण की घोषणा की। साथ ही सतनामी और आदिवासी समाज के सामुदायिक भवनों के लिए 50-50 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के किसानों से वर्चुअल संवाद कर योजनाओं का लाभ मिलने पर उनका अनुभव भी जाना।

