रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने सामाजिक समरसता और जनकल्याण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह समारोह को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 10 फरवरी को आयोजित इस भव्य समारोह में पूरे प्रदेश से 6,412 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें से 1,316 जोड़ों का विवाह रायपुर में प्रत्यक्ष रूप से संपन्न हुआ, जबकि शेष जोड़े प्रदेश के विभिन्न जिलों से वर्चुअल माध्यम से इस आयोजन से जुड़े।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह को सम्मानजनक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित दंपति को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
इस ऐतिहासिक आयोजन में हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध और बैगा जनजाति के जोड़ों ने अपने-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न किया, जो छत्तीसगढ़ की सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विविधता का प्रतीक बना।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संवेदनशील नेतृत्व की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

