रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस का दूसरा दिन शुरू हुआ। बैठक में प्रदेश की कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। नवीन आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, जिलों के परफॉर्मेंस और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साइबर अपराध के तरीके रोज बदल रहे हैं, इसलिए आम जनता को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अंतर्विभागीय समन्वय के साथ साइबर जागरूकता अभियान को विशेष रूप से चलाया जाए, साथ ही साइबर हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। मुख्यमंत्री ने बताया कि रेंज स्तर पर 5 साइबर थाने और 9 थाने जल्द संचालित होंगे।
नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने नशे के कारोबार पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के व्यापार पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नशे से अन्य अपराधों को बढ़ावा मिलता है, इसलिए अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए।
सड़क सुरक्षा पर भी सख्ती
बैठक में सड़क सुरक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा मानकों का पालन न करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। हेलमेट, सीट बेल्ट न पहनने और नशे में वाहन चलाने वालों में कानून का भय होना चाहिए। साथ ही ब्लैक स्पॉट्स को चिन्हांकित कर दुर्घटनाओं के कारणों को दूर करने के निर्देश दिए गए।
इस उच्चस्तरीय बैठक में गृहमंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह सहित सभी रेंज आईजी, कलेक्टर और एसपी मौजूद रहे।

