रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जीरो टॉलरेंस नीति और परिणाम आधारित कार्यशैली का असर अब दिखने लगा है। स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महासमुंद जिले के जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. सावंत को पद से हटा दिया है। उन्हें अब जगदलपुर में सहायक संचालक पद पर भेजा गया है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री साय की उस समीक्षा बैठक के बाद हुई है, जिसमें उन्होंने महासमुंद जिले की बोर्ड परीक्षाओं में खराब प्रदर्शन पर कड़ी नाराजगी जताई थी। उनके निर्देश के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि लापरवाही और निष्क्रियता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सावंत की जगह अब विजय कुमार लहरे को महासमुंद का नया प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी बनाया गया है। वहीं, भूपेंद्र कुमार कौशिक को नवागढ़ का नया विकासखंड शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सरकार के इस कदम से साफ है कि मुख्यमंत्री साय शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं और प्रदर्शन के आधार पर ही जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।