नारायणपुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नारायणपुर जिले के बासिंग गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया और 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की घोषणाएं कीं। खाट पर बैठकर नीम की छांव में हुई इस चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई विकास कार्यों का ऐलान किया।
उनके साथ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्य सचिव अमिताभ जैन और प्रमुख सचिव सुबोध सिंह मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना की समीक्षा की और भरोसा दिलाया कि कोई भी पात्र महिला योजना से वंचित नहीं रहेगी। ग्रामीण महिलाओं ने योजना से मिले लाभ साझा किए। मेधावी छात्र सम्मानित हुए और हाफ मैराथन विजेता को प्रोत्साहन मिला।
नक्सल समस्या पर उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ के लोगों के सहयोग से 2026 तक नक्सलवाद का खात्मा किया जाएगा। पुनर्वास नीति को देश की सर्वश्रेष्ठ नीति बताया।
घोषणाएं:
मुरहापदर में पुलिया निर्माण – 20 लाख
बासिंग में खेल मैदान व आश्रम/शाला मरम्मत – 20 लाख
मुरहापदर व एहनार में आंगनबाड़ी भवन – 24 लाख
बासिंग में हाट बाजार से बस्ती तक सीसी सड़क – 25 लाख
कुंदला, बासिंग व मुरहापदर में घोटुल निर्माण – 15 लाख
इसके अलावा ओरछा में 8 करोड़ की लागत से बने 250 सीटर छात्रावास, जल आपूर्ति व विद्युतीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा, सुशासन तिहार के तहत गांव-गांव जाकर जनता से सीधे संवाद और योजनाओं का असर देखने का मकसद है।