रायपुर/छत्तीसगढ़ की बेटी नवलीन कौर ने यह साबित कर दिया कि चुनौतियाँ सिर्फ रास्ते की रुकावट नहीं, बल्कि सफलता की सीढ़ियाँ भी बन सकती हैं। महासमुंद की रहने वाली नवलीन ने तीरंदाजी में राष्ट्रीय खेलों में अपनी जगह बनाकर न सिर्फ जिले बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवलीन को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा – “राज्य सरकार प्रदेश के हर खिलाड़ी को अवसर, संसाधन और मंच देने के लिए प्रतिबद्ध है। नवलीन जैसी प्रतिभाएं छत्तीसगढ़ का भविष्य हैं और उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी।”
नवलीन का जीवन संघर्ष और संकल्प की मिसाल है। जन्म से ही स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझने वाली नवलीन ने अपनी कमजोरी को ताकत में बदला और तीरंदाजी को जीवन का लक्ष्य बना लिया। फरवरी 2025 में उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर अपने इरादों की मजबूती साबित की।
बागबाहरा की निवासी नवलीन ने 2018 में बिहाझर बालाश्रम से तीरंदाजी का प्रशिक्षण शुरू किया। महासमुंद की पहली महिला तीरंदाज बनने के बाद उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल कीं। 2023 में गुजरात में एफजीएफआई राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया, वहीं सीनियर स्तर पर दूसरा स्थान भी हासिल किया।
नवलीन अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं। कंपाउंड बो में उन्होंने हाल ही में सिटी ओपन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जीतकर नई शुरुआत की है। वर्तमान में वह कोच एवन साहू और खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे से प्रशिक्षण ले रही हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा – “क्रिकेट की लोकप्रियता के दौर में तीरंदाजी जैसे खेल को चुनना और उसमें उत्कृष्टता हासिल करना नवलीन की प्रतिबद्धता और जुनून को दर्शाता है। वह छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए एक प्रेरणा हैं।”