रायपुर/छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन सत्र 2024-25 के लिए धान खरीदी की तारीख तय हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घोषणा की है कि राज्य में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी।
सरकार ने कहा है कि सभी पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जाएगा और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की जाएगी।
सीएम साय ने बताया कि किसानों को समय पर भुगतान और सुचारू खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार खरीदी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने पर जोर रहेगा।
एग्रीस्टैक पोर्टल पर अनिवार्य पंजीयन
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए धान खरीदी में किसानों के एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीकरण को अनिवार्य कर दिया है।किसान पंजीकरण से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-1030 पर संपर्क कर सकते हैं।
सरकार का कहना है कि एग्रीस्टैक पोर्टल डिजिटल क्रांति की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा, जिससे धान खरीदी व्यवस्था अधिक पारदर्शी, सटीक और किसान हितैषी बनेगी।
अब तक 21.47 लाख किसानों ने कराया पंजीकरण
पिछले वर्ष राज्य के 25.49 लाख किसानों ने धान विक्रय किया था। वहीं इस साल अब तक 21.47 लाख किसानों ने एग्रीस्टैक पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा लिया है।शेष किसान अपने निकटतम सहकारी समिति या निर्धारित केंद्र में जाकर 31 अक्टूबर 2025 तक पंजीयन करा सकते हैं।
इस संबंध में सभी जिला कलेक्टरों और समितियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं ताकि किसी भी किसान को परेशानी न हो।
कृषि आधारित विकास पर सरकार का फोकस
राज्य सरकार का कहना है कि धान खरीदी के साथ ही भंडारण, परिवहन और भुगतान प्रक्रिया को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है। इससे किसानों को न सिर्फ समय पर भुगतान मिलेगा बल्कि धोखाधड़ी की संभावना भी कम होगी।

