रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को अपने निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा चयनित नव नियुक्त खनि निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खनिज संपदा की दृष्टि से छत्तीसगढ़ देश के सबसे समृद्ध राज्यों में शामिल है और खनिज प्रशासन के प्रभावी संचालन में मैदानी अमले की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।
मुख्यमंत्री ने नव चयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि युवाओं पर ही प्रदेश और देश का भविष्य निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि खनिज विभाग में नई नियुक्तियों से विभागीय कार्यबल मजबूत होगा और खनिज अन्वेषण व खनन गतिविधियों को गति मिलेगी।
साय ने विश्वास जताया कि सभी खनि निरीक्षक अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए खनिज प्रशासन से जुड़े कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती लौह अयस्क, कोयला, बॉक्साइट, लाइमस्टोन, टिन, हीरा, सोना और लिथियम जैसे खनिजों से समृद्ध है। ये खनिज राज्य के राजस्व का प्रमुख स्रोत हैं और सरकार राजस्व वृद्धि के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने नव नियुक्त अधिकारियों से खनिज राजस्व बढ़ाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। अधिकारियों को पारदर्शिता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ काम करते हुए राज्य के प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और सुव्यवस्थित उपयोग पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने 15 अक्टूबर 2025 को 33 खनि निरीक्षकों की चयन सूची जारी की थी। खनिज साधन विभाग ने 19 फरवरी 2026 को 32 निरीक्षकों की नियुक्ति आदेश जारी किए, जिनमें से 30 को मुख्यमंत्री ने आज नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, सचिव खनिज साधन विभाग पी. दयानंद, संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म रजत बंसल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

