रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दो दिवसीय नारायणपुर प्रवास के दौरान कोंडागांव–नारायणपुर के बीच निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग 130-डी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूरा किया जाए, किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार में बस्तर के विकास को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है। एनएच-130डी कोंडागांव से नारायणपुर और कुतुल होते हुए महाराष्ट्र सीमा तक जुड़ेगा, जिससे बस्तर को राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से सीधा संपर्क मिलेगा।
इस सड़क के बनने से व्यापार, पर्यटन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा। मुख्यमंत्री ने इसे बस्तर की प्रगति का मार्ग बताते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगी।

