रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद् और देश के पहले उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने डॉ. मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारत की एकता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक चेतना के लिए जो योगदान दिया, वह युगों तक स्मरणीय रहेगा। उन्होंने एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र का सपना देखा, जिसके लिए उन्होंने अपने जीवन का बलिदान दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा, “डॉ. मुखर्जी का जीवन दर्शन और उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर हम एक एकजुट और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनसंघ के माध्यम से डॉ. मुखर्जी ने राष्ट्रवाद, सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक एकता जैसे मूल्यों को मजबूत आधार दिया, जो आज भी भारतीय राजनीति की नींव बने हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने डॉ. मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए देशवासियों से उनके सिद्धांतों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।