जशपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय, बगिया (जशपुर) में सपरिवार गोवर्धन पूजा की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति व खुशहाली की कामना की। पूजा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की माता जसमनी देवी साय, धर्मपत्नी कौशल्या साय सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की उस प्रेरणादायी लीला की स्मृति है, जिसमें उन्होंने गोकुलवासियों को प्रलयकारी वर्षा से बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा उंगली पर उठाया था। यह पर्व समाज में एकता, विश्वास और सहयोग का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि कृतज्ञता, सह-अस्तित्व और प्रकृति-पूजन का प्रतीक है। इस दिन गोवंश की पूजा की जाती है, जो भारतीय संस्कृति की आत्मा — गौ-संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण — को जीवंत रखती है।

