रायगढ़/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरुपीठ पहुंचे, जहां उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के समक्ष प्रदेश की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की खुशहाली और जनकल्याण के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।
गुरुपीठ में मुख्यमंत्री साय ने अघोरेश्वर अवधूत जी के कृपापात्र शिष्य प्रियदर्शी भगवान राम जी से आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक मार्गदर्शन समाज को सही दिशा देता है और इसी प्रेरणा से जनसेवा के कार्य अधिक संवेदनशीलता और समर्पण के साथ आगे बढ़ाए जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक सौहार्द राज्य की सबसे बड़ी शक्तियाँ हैं। इन्हीं मूल्यों पर आधारित रहकर सरकार जनकल्याण, विकास और सुशासन के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रही है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।

