जगदलपुर/जनजातीय गौरव दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जगदलपुर पहुंचे, जहां सिटी ग्राउंड में आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने उन्हें पारंपरिक सिहाड़ी माला और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने मां दंतेश्वरी और भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समुदाय के समग्र विकास के लिए संकल्पित है।
साय ने जनजातीय उत्थान से जुड़े तीन ऐतिहासिक कदमों का उल्लेख किया—पहला, अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में छत्तीसगढ़ और झारखंड राज्यों का गठन,दूसरा, जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना,और तीसरा—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन और स्थानीय शोषण के खिलाफ ‘उलगुलान’ का नेतृत्व कर आदिवासी अस्मिता की एक नई चेतना जगाई थी।

