रायपुर/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया।
बैठक में दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय विकास, आपसी समन्वय और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई गई।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रायपुर-रीवा के बीच शुरू हुई सीधी हवाई सेवा को दोनों राज्यों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस पहल से लोगों की यात्रा आसान होगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नया बल मिलेगा। इस दिशा में मुख्यमंत्री साय के प्रयासों की उन्होंने सराहना करते हुए आभार भी जताया।
गौरतलब है कि रायपुर और रीवा के बीच हवाई सेवा शुरू होने से दोनों राज्यों के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और व्यापार, पर्यटन व आपसी संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, डॉ. हिमांशु द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

