रायपुर/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज पड़ोसी राज्य ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के लिए धुआंधार चुनावी प्रचार करने जा रहे हैं। संगठन के निर्देश पर मुख्यमंत्री साय, विधायक पुरंदर मिश्रा और सह-प्रभारी लता उसेंडी के साथ पंचमपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
ओडिशा रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि “नुआपाड़ा में भाजपा की बहुमत वाली जीत पक्की है। जनता कांग्रेस और बीजू जनता दल से अब ऊब चुकी है। हम विकास की गारंटी दे रहे हैं और जनता इस बार बदलाव के पक्ष में है।”
बता दें कि नुआपाड़ा विधानसभा सीट पर 11 नवंबर को मतदान होना है। भाजपा ने इस सीट को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री साय की जनसभा को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है।

