रायपुर/राजधानी रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा संयुक्त मोर्चा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और “मोदी की गारंटी” को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

सीएम साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करना हमारा लक्ष्य है और इसमें कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है। उन्होंने बताया कि राज्य में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हो रही है और जल्द ही किसानों को अंतर राशि दी जाएगी।

महिला सशक्तिकरण के तहत महतारी वंदन योजना, तेंदूपत्ता संग्राहकों को बढ़ा पारिश्रमिक, भूमिहीन कृषकों को सहायता और जनजातीय क्षेत्रों के विकास जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता इन योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएं ताकि सरकार और लोगों के बीच सीधा जुड़ाव मजबूत हो।

