रायपुर/छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में बस्तर में शांति और विकास का नया अध्याय शुरू हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व की वजह से बस्तर में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव रखी गई है, जिसका असर अब ज़मीन पर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक सड़क संपर्क का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे लोगों की आवाजाही आसान हुई है।
साय ने आगे कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। पहले जहां बुनियादी सुविधाओं की कमी थी, वहीं अब आमजन को बेहतर सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने इस बदलाव को सिर्फ योजनाओं तक सीमित न बताते हुए कहा कि यह लोगों के जीवन में वास्तविक सुधार के रूप में नजर आ रहा है।
मुख्यमंत्री ने जनता के बढ़ते विश्वास को सरकार की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि सभी की सहभागिता और सुशासन के संकल्प के साथ बस्तर को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य एक समृद्ध, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बस्तर का निर्माण करना है।

