रायपुर/भारतीय जनता पार्टी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद अब देशभर में ‘घर-घर सिंदूर’ अभियान शुरू करने जा रही है। लेकिन अभियान के औपचारिक शुरुआत से पहले ही इस पर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए इसे राजनीतिक और कूटनीतिक विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया है।
इस मामले में छत्तीसगढ़ कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनन्द शुक्ला ने भाजपा को आड़े हाथों लिया है।
“भाजपा ने सिंदूर का मज़ाक बना दिया है” – सुशील आनन्द शुक्ला
सुशील आनन्द शुक्ला ने कहा कि,
“भाजपा महिलाओं का अपमान कर रही है। हिंदू और सनातन परंपरा में महिलाओं को सिंदूर देने का अधिकार केवल उनके पति को होता है। भाजपा जब घर-घर जाकर सिंदूर देगी तो महिलाएं उन्हें बाहर का रास्ता दिखा देंगी। भाजपा ने सिंदूर जैसे पवित्र प्रतीक का मज़ाक बना कर रख दिया है।”
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा महिलाओं की आस्था और धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है, जो न केवल असंवेदनशील है बल्कि समाज में गलत संदेश भी देता है।