रायपुर/छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने आज विधानसभा घेराव कर सियासी ताकत का प्रदर्शन किया। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता भारत माता चौक पर एकत्रित हुए और वहां से विधानसभा की ओर कूच किया। मनरेगा, बिजली दरों में बढ़ोतरी, धान खरीदी, कानून व्यवस्था और बढ़ते नशे के कारोबार जैसे मुद्दों को लेकर यह प्रदर्शन किया गया।
इस घेराव में सचिन पायलट, दीपक बैज, चरणदास महंत, भूपेश बघेल सहित कई वरिष्ठ नेता, विधायक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।सभा को संबोधित करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि यह घेराव गरीब, मजदूर और वंचित वर्ग की आवाज उठाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने मनरेगा में बदलाव और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता बिजली बिल, किसानों की समस्याओं और बेरोजगारी से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है और सरकार आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मनरेगा, महंगाई, खाद-बीज की कमी और नशे के बढ़ते मामलों को लेकर सरकार को घेरा।कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि आने वाले चुनाव में जनता बदलाव का मन बना चुकी है और कांग्रेस मजबूती से मैदान में उतरेगी।इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से राजधानी का माहौल पूरी तरह राजनीतिक रंग में नजर आया।

