रायपुर/छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में मिली बड़ी सफलता के बीच सियासी और प्रशासनिक स्तर पर इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया जा रहा है। इसी कड़ी में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मौके पर कहा कि नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ अब विकास, विश्वास और समृद्धि के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नक्सलवाद लंबे समय तक प्रदेश, खासकर बस्तर अंचल की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा रहा, लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, नक्सल प्रभावित इलाकों में अब विकास की मुख्यधारा मजबूत हो रही है और शांति व सुरक्षा का माहौल बनने से आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव दिखने लगा है।साय ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की नीति और रणनीति को दिया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में “भयमुक्त छत्तीसगढ़” का सपना अब हकीकत बनता दिख रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने नक्सल विरोधी अभियान में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी कुर्बानी इस सफलता की नींव है। साथ ही सुरक्षाबलों के साहस और समर्पण की भी सराहना की।मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि नक्सलमुक्त माहौल में छत्तीसगढ़ अब तेज गति से विकास करेगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।

