नई दिल्ली/भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया सैन्य टकराव में भारतीय सेनाओं ने ज़मीन, हवा और समुद्र तीनों मोर्चों पर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। भारतीय वायुसेना ने आसमान में प्रभुत्व दिखाया, वहीं नौसेना ने समुद्री मोर्चे पर पाकिस्तान की गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखी।
10 मई को सीजफायर की घोषणा के बाद भले ही दोनों देशों के बीच गोलीबारी थम गई हो, लेकिन भारत की सैन्य तैयारियां जारी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी समाप्त नहीं हुआ है।
INS विक्रांत पर पहुंचे रक्षा मंत्री
इसी क्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की एक अहम तस्वीर सामने आई है। इसमें वे भारतीय नौसेना के अत्याधुनिक विमानवाहक पोत INS विक्रांत पर मौजूद हैं। इस दौरान उनके साथ नौसेना के वरिष्ठ अधिकारी और जवान भी नजर आए।
INS विक्रांत पर राजनाथ सिंह की मौजूदगी एक संदेश है—भारत अपनी समुद्री सीमाओं को लेकर गंभीर है और कोई भी खतरा हो, भारतीय नौसेना हर चुनौती के लिए तैयार है।
संदेश साफ है: ऑपरेशन सिंदूर जारी है
रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक, रक्षा मंत्री की इस यात्रा का उद्देश्य न सिर्फ नौसेना का मनोबल बढ़ाना है, बल्कि यह दिखाना भी है कि भारत अब किसी भी आक्रामक हरकत का जवाब सटीक और निर्णायक रूप से देने को तैयार है।