रायपुर/छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए बड़ी पहल की जा रही है। लोक निर्माण विभाग (PWD) शहर में 7 नए ओवरब्रिज का निर्माण करने जा रहा है। इन सभी ओवरब्रिज का काम एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।
25 लाख से अधिक आबादी वाले इस शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक और हादसों को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने उन सड़कों की पहचान की है जहां जाम और दुर्घटनाएं सबसे अधिक होती हैं। इन्हीं स्थानों पर नए ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। विभाग ने विस्तृत सर्वे के आधार पर स्थानों का चयन किया और सभी प्रोजेक्ट्स के लिए बजट को भी मंजूरी मिल गई है।
प्रशासन का दावा है कि इन ओवरब्रिजों के बनने से न केवल ट्रैफिक जाम में राहत मिलेगी, बल्कि हादसों की संख्या में भी कमी आएगी। इसके अलावा शहरवासियों का सफर औसतन 15 से 20 मिनट तक कम हो जाएगा।
रायपुरवासियों के लिए यह परियोजना यातायात और सुरक्षा दोनों के लिहाज से बड़ी राहत लेकर आने वाली है।