रायपुर/चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में उप निरीक्षक संवर्ग का दीक्षांत (पासिंग आउट परेड) समारोह आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 859 प्रशिक्षुओं को बधाई दी।
इनमें 54 सूबेदार, 528 उप निरीक्षक (जीडी), 68 एसबी और 205 प्लाटून कमांडर शामिल हैं।मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ संवेदनशीलता ही नई पुलिसिंग की असली पहचान होगी। वर्दी को जिम्मेदारी और सम्मान का प्रतीक बताते हुए उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि राज्य में पुलिसिंग को आधुनिक बनाने के लिए भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है, साइबर अपराध से निपटने के लिए विशेष इकाइयाँ गठित की गई हैं और प्रशिक्षण को अधिक व्यावहारिक बनाया गया है।गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ऐसा माहौल बनाना जरूरी है, जहां अपराधियों में कानून का डर और आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहे।समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

