रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रविवार को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के उत्थान के लिए संचालित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास में महिलाओं और बच्चों को केंद्र में रखकर योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित बीजापुर, सुकमा, कांकेर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों में 159 आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन नियद नेल्लानार योजना के तहत किया जा रहा है, ताकि दुर्गम क्षेत्रों में भी बच्चों और महिलाओं को सीधे योजनाओं का लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत मार्च 2024 से जून 2025 के बीच 70 लाख से ज्यादा महिलाओं को ₹10,431.30 करोड़ सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए हैं। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और आत्मनिर्भरता को नई दिशा मिली है।
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और राज्य बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा भी मौजूद रहीं।