रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह “रंगोत्सव” एवं “महामूर्ख सम्मेलन 2026” में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का पावन अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व छोटी-छोटी अनबन और गिले-शिकवे भुलाकर रिश्तों को नई शुरुआत देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब की सराहना करते हुए कहा कि यहां पर्वों को मिल-जुलकर मनाने की गौरवशाली परंपरा रही है, जो सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का काम करती है।
इस दौरान प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का अनोखे अंदाज में स्वागत किया। उन्हें मिर्ची की माला पहनाई गई और त्रिशूलनुमा पिचकारी भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के होली विशेषांक “सेंसलेस टाइम्स” का विमोचन भी किया।
समारोह में उस समय खास उत्साह का माहौल बन गया, जब मुख्यमंत्री साय ने स्वयं नगाड़ा बजाया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर पत्रकारों और अतिथियों ने तालियों से उत्साह जताया और पूरा परिसर रंग, संगीत और उल्लास से गूंज उठा। मुख्यमंत्री भी फाग गीतों और होली के रंग में पत्रकार साथियों के साथ शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर कृष्णा दास, सांसद संतोष पांडेय, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

