रायपुर/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में गोवा के खेल एवं युवा मामले तथा जनजातीय कल्याण मंत्री रमेश तावड़कर ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह और जशपुर के स्थानीय उत्पाद भेंट किए।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच जनजातीय कल्याण और खेलों के विकास को लेकर सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ में आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सके।
उन्होंने यह भी बताया कि देश के पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ का आयोजन छत्तीसगढ़ में होना राज्य के लिए गर्व की बात है। यह आयोजन जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने के साथ उनकी सांस्कृतिक पहचान और आत्मविश्वास को भी मजबूती देगा।
गौरतलब है कि रमेश तावड़कर के नेतृत्व में गोवा सरकार का प्रतिनिधिमंडल ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ दौरे पर है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल राज्य के विभिन्न प्रमुख स्थलों जैसे छत्तीसगढ़ मुक्तांगन और आदिवासी संग्रहालय का भी दौरा करेगा, जहां वे प्रदेश की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और विरासत से रूबरू होंगे।

