रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सूरजपुर विकासखंड के सरना पारा, पर्री निवासी राजकुमारी द्विवेदी के निवास पहुंचकर पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत लगाए गए सोलर सिस्टम का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने छत पर स्थापित सोलर पैनलों और उससे जुड़ी तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और योजना के ज़मीनी क्रियान्वयन को नजदीक से देखा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने हितग्राही परिवार से आत्मीय बातचीत कर योजना से मिल रहे लाभों के बारे में जानकारी ली। परिवारजनों ने बताया कि सोलर सिस्टम लगने के बाद बिजली की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित हुई है और बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे घरेलू खर्च कम हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम सूर्यघर योजना आम नागरिकों को आर्थिक राहत के साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा रही है। यह योजना स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी अहम भूमिका निभा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि योजना का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सस्ती, टिकाऊ और स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराना है। सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक परिवार इस योजना से जुड़ें और बिजली पर निर्भरता कम करते हुए आत्मनिर्भर बनें।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि हितग्राहियों को बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भर भारत के विज़न को पूरी प्रतिबद्धता के साथ ज़मीन पर उतार रही है।

