रायपुर/संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 35वीं रैंक हासिल करने वाली सुश्री वैभवी अग्रवाल ने शनिवार को मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें मिठाई खिलाकर इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वैभवी अग्रवाल ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि वैभवी की यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसी उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि वैभवी अग्रवाल भविष्य में प्रशासनिक सेवा में अपने दायित्वों का निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
इस दौरान वैभवी अग्रवाल के पिता शीतल अग्रवाल और भाई विनायक अग्रवाल भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने परिवारजनों को भी इस सफलता के लिए बधाई दी और वैभवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

