रायपुर/प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज उच्च स्तरीय बैठक की। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई, जिसमें सभी संभागीय कमिश्नर, आईजी और जिला कलेक्टर जुड़े।

बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से साफ कहा कि आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और ईंधन की सप्लाई सुचारू बनी रहे।
सीएम साय ने लोगों से भी अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रदेश में पेट्रोल-डीजल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है।साथ ही मुख्यमंत्री ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जो लोग स्थिति का फायदा उठाकर कालाबाजारी या जमाखोरी करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन को ऐसी गतिविधियों पर नजर रखने और तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है।
बैठक में मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, डीजीपी अरुण देव गौतम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के पेट्रोल-डीजल और गैस डिवीजन के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।सरकार ने साफ संकेत दिए हैं कि जरूरी वस्तुओं की सप्लाई में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता के हितों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

