रायपुर/छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले स्थित खल्लारी माता मंदिर में हुए दर्दनाक रोप-वे हादसे के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावितों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
साथ ही मुख्यमंत्री ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

