कोरबा। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत कोरबा शहर के विकास को नई रफ्तार देने वाली बड़ी सौगात मिली है। कोरबा नगर विधायक एवं प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों से 36.54 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गौरव पथ को राज्य सरकार ने प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
यह गौरव पथ सीएसईबी चौक से जैन चौक तथा आईटीआई चौक से कोसाबाड़ी चौक तक बनाया जाएगा। लगभग 2.8 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और नागरिकों को आधुनिक सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।
परियोजना के लिए मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से 25 करोड़ रुपये तथा जिला खनिज न्यास (DMF) मद से 11.54 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य से कोरबा शहर के मुख्य मार्गों पर आवागमन सुगम होगा और शहर के समग्र विकास को गति मिलेगी। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार जताया।
बताया जा रहा है कि गौरव पथ के निर्माण से शहर की ट्रैफिक समस्या में कमी आएगी और कोरबा के शहरी ढांचे को नई पहचान मिलेगी।

