कोरबा/नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 56 में 2 करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी नाला निर्माण और वार्ड क्रमांक 58 स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल चौक में 38 लाख रुपये से सौंदर्यीकरण कार्य कराया जाएगा। दोनों महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन गुरुवार को उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत द्वारा किया गया।
निगम द्वारा पी.एम.ए.वाई. साइट से लाटा तालाब तक नाले का निर्माण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं सरदार पटेल चौक के सौंदर्यीकरण से शहर के प्रमुख चौराहों में सौंदर्य और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।
देश और प्रदेश विकास के पथ पर – लखनलाल देवांगन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक निर्णयों से देश की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेज़ी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि कोरबा में बिना भेदभाव सभी 67 वार्डों में विकास कार्य जारी हैं और बीते दो वर्षों में लगभग 800 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं।इस अवसर पर उन्होंने वार्ड 56 में सार्वजनिक मंच और सीसी रोड निर्माण की भी घोषणा की।
कोरबा की विकास यात्रा को मिली रफ्तार – महापौर
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि कोरबा की विकास यात्रा अब गति पकड़ चुकी है। वार्डों और बस्तियों में निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं और जनसमस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन से शहर में विकास को नई दिशा मिली है।
जनता की उम्मीदों पर खरे जनप्रतिनिधि
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि उद्योग मंत्री और महापौर जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे उतर रहे हैं और कोरबा की जनता का विश्वास लगातार उन्हें मिल रहा है।भूमिपूजन कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, वार्ड पार्षद, एमआईसी सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

