रायपुर/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पद्मश्री जागेश्वर यादव के जीवन पर आधारित पुस्तक “बिरहोर जननायक” का विमोचन किया। इस मौके पर उन्होंने पुस्तक के लेखक डॉ. लोकेश पटेल को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जागेश्वर यादव का जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उनका पूरा जीवन समाज के प्रति समर्पित रहा है और उनके कार्य जनसेवा के क्षेत्र में काम करने वालों के लिए प्रेरणा हैं।
सीएम ने खास तौर पर जशपुर जिले में बिरहोर आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘बिरहोर के भाई’ के रूप में पहचान बनाने वाले जागेश्वर यादव ने समाज के लिए जो किया, वह सच्चे नेतृत्व की मिसाल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक न केवल उनके जीवन संघर्ष और सेवा को सामने लाती है, बल्कि नई पीढ़ी को समाज के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनने का संदेश भी देती है।
वहीं, लेखक डॉ. लोकेश पटेल ने बताया कि यह पुस्तक बिरहोर समुदाय के विकास के लिए जागेश्वर यादव के योगदान से प्रेरित है, जिसमें उनके जीवन, संघर्ष और सामाजिक कार्यों को विस्तार से शामिल किया गया है।

