रायपुर/छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए धान खरीदी की प्रक्रिया में दो दिन की अतिरिक्त राहत दी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर अब प्रदेश में तीन श्रेणियों के किसान 5 और 6 फरवरी 2026 तक धान विक्रय कर सकेंगे।
इस अतिरिक्त अवधि का लाभ उन किसानों को मिलेगा, जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद टोकन के लिए आवेदन किया था लेकिन उनका सत्यापन नहीं हो पाया था, साथ ही उन किसानों को भी जिनका सत्यापन पूर्ण होने के बाद धान पाया गया है। इसके अलावा 28, 29 और 30 जनवरी 2026 को टोकन प्राप्त करने के बावजूद किसी कारणवश धान नहीं बेच पाने वाले किसान भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर बारदाना और हमालों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति संवेदनशीलता और उनकी उपज के सुरक्षित एवं सुचारु विक्रय के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

