रायपुर/छत्तीसगढ़ी संस्कृति के पहले पर्व हरेली की पारंपरिक गूंज आज मुख्यमंत्री निवास में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सुनाई दी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में गौरी-गणेश, नवग्रह की पूजा कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस खास मौके पर भिलाई की ग्रेजुएट सुश्री धनिष्ठा शर्मा ने अपने भाई दिव्य शर्मा के साथ मंत्रोच्चार कर पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया, जिसकी भक्ति और स्वरों की पवित्रता ने सभी अतिथियों को प्रभावित किया।

पूजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने परंपरागत रीति से नांगर, रापा, कुदाल जैसे कृषि उपकरणों की पूजा कर खेती-किसानी के प्रति सम्मान प्रकट किया। साथ ही, गाय और बछड़े को लोंदी और हरा चारा खिलाकर पशुधन संरक्षण का भावपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा,
“हरेली केवल किसान का पर्व नहीं, यह प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन से हमारे आत्मिक संबंध को दर्शाता है।”
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी परंपराओं से जुड़ें, पशुओं की सेवा करें और लोक संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री निवास में इस आयोजन के जरिए छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली—जहां परंपरा, प्रकृति और पशुधन के प्रति सम्मान की भावना ने उत्सव को विशेष बना दिया।