रायपुर/छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए आज से धान खरीदी शुरू हो गई है। राज्य सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदेगी। इसके लिए प्रदेशभर में 2739 धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। खरीदी की प्रक्रिया 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक चलेगी। किसान सोमवार से शुक्रवार तक अपने केंद्रों में धान बेच सकेंगे।
सरकार ने इस बार 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदे जाने का लक्ष्य रखा है। गोदाम स्तर पर खाद्यान्न की गुणवत्ता का परीक्षण उपार्जन एजेंसी के गुणवत्ता सर्वेयर द्वारा स्टेक लगाने से पहले किया जाएगा।
किसानों की मेहनत का सम्मान हमारा संकल्प – CM विष्णु देव साय
धान खरीदी शुरू होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली गई हैं, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। मुख्यमंत्री ने धान खरीदी प्रक्रिया को पूरी तरह व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध रखने के निर्देश दिए हैं।

