रायपुर/छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दिल्ली दौरे से लौटकर राजधानी में मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने बताया कि इस बार राज्य के निर्माण की रजत जयंती वर्ष को ‘अमृत रजत महोत्सव’ के रूप में 25 सप्ताह तक मनाया जाएगा। यह आयोजन 15 अगस्त 2025 से 21 मार्च 2026 तक चलेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया गया है, जिन्होंने अपनी सहमति भी दे दी है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, खेल मंत्री मनसुख मांडविया और जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि इन मुलाकातों में छत्तीसगढ़ के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने छत्तीसगढ़ में 7000 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। साथ ही, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने बस्तर ओलंपिक को ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ के रूप में आयोजित करने का आश्वासन दिया है, जिससे बस्तर को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को राज्य में नक्सल उन्मूलन के लिए चल रहे अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में सुरक्षाबल पूरी मुस्तैदी से काम कर रहे हैं और नक्सलवाद अब समाप्ति की ओर है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, यह दौरा छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा।

