रायपुर/छत्तीसगढ़ में सियासी पोस्टर वार एक बार फिर गर्मा गया है। भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए एक नया पोस्टर जारी किया है, जिसमें कांग्रेस नेताओं को मगरमच्छ के मुंह में दिखाया गया है।
पोस्टर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और सचिन पायलट के कार्टून को मगरमच्छ के जबड़े के भीतर दिखाया गया है। इसके साथ ही बड़े अक्षरों में लिखा है – “कुछ तो शर्म करो कांग्रेसियों!”

भाजपा ने इस पोस्टर के जरिए कांग्रेस पर संविधान के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। पोस्टर में लिखा गया है – “बार-बार संविधान का अपमान करने वाली कांग्रेस पार्टी के मुंह से संविधान बचाने की बात शोभा नहीं देती।”
भाजपा का यह पोस्टर ऐसे समय आया है जब कांग्रेस लगातार केंद्र सरकार पर संविधान से खिलवाड़ करने के आरोप लगा रही है। अब भाजपा ने इसी मुद्दे को कांग्रेस के खिलाफ सियासी हथियार बना लिया है।