रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारा तिरंगा पूर्वजों के वर्षों के संघर्षों और बलिदान का जीवंत प्रतीक है। हम सभी इसकी शान को बनाए रखेंगे और अमर बलिदानियों को कभी नहीं भूलेंगे। उन्होंने सभी से मिलकर विकसित, समृद्ध और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में आयोजित स्वतंत्रता दौड़ में हजारों युवाओं के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भारत माता और अमर बलिदानी रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगे में करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाएं समाई हैं और यह हमारी वीरता, शांति और समृद्धि का अमिट प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर बीते कुछ वर्षों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा देश तिरंगामय हो जाता है। तिरंगा यात्राएं और हर घर तिरंगा अभियान ने इस अवसर को जन-जन से जोड़ा है।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें याद दिलाता है कि आज़ादी अनगिनत बलिदानों की अमूल्य देन है। लाखों-करोड़ों देशभक्तों ने अपने प्राण न्योछावर किए, तब जाकर हमें यह स्वतंत्रता मिली।
मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए कहा कि स्कूल के दिनों में स्वतंत्रता दिवस पर प्रभात फेरी निकलती थी और गांव-गांव में देशभक्ति गीत गूंजते थे। उन्होंने कहा कि अब हमारा दायित्व है कि देश और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएं। वर्ष 2047 तक के लिए विकसित छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट तैयार है और सरकार उसी के अनुरूप कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहेब, अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।