कोरबा/छत्तीसगढ़ प्रांतीय राठौर क्षत्रिय सभा जिला कोरबा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी के अभिनंदन एवं शपथ ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा नगर विधायक लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोरबा महापौर संजू देवी राजपूत ने की।

डीडीएम रोड स्थित राठौर क्षत्रिय समाज भवन में आयोजित इस समारोह में मंत्री देवांगन ने भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी और राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौड़ के जयघोष के साथ अपना संबोधन प्रारंभ किया। उन्होंने राठौर क्षत्रिय समाज की एकजुटता, संगठन क्षमता और सामाजिक सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज प्रदेश के विकास में निरंतर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मंत्री देवांगन ने सर्वमंगला चौक पर राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौड़ की भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि यह समाज के गौरव और इतिहास को सम्मान देने की दिशा में एक अहम कदम होगा।उन्होंने बताया कि समाज की मांग पर राठौर क्षत्रिय समाज भवन के आंतरिक विकास एवं अन्य निर्माण कार्यों के लिए 11.50 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी, जिसका कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर लिया गया है। इसके साथ ही ढोढीपारा के सामने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है, जिसका भूमिपूजन शीघ्र समाजजनों की उपस्थिति में किया जाएगा।
मंत्री देवांगन ने कहा कि राठौर क्षत्रिय समाज की पहचान विकासशील सोच और मजबूत एकजुटता है। समाज से मिल रहे स्नेह और आशीर्वाद के लिए उन्होंने आभार भी व्यक्त किया।

