रायपुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से छत्तीसगढ़ रियल एस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार द्वारा भूमि गाइडलाइन दरों के पुनर्मूल्यांकन और रियायत के निर्णय पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को गजमाला पहनाकर सम्मानित किया और कहा कि इस फैसले से रियल एस्टेट सेक्टर को नई गति मिलेगी, साथ ही आम नागरिकों को भी सीधा लाभ पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्णय ले रही है। भूमि गाइडलाइन दरों में संशोधन करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि किसानों, आम नागरिकों, व्यवसायियों और निवेशकों सभी को सहूलियत मिले। उन्होंने कहा कि नई गाइडलाइन दरों से आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और विकास की रफ्तार तेज होगी।

