रायपुर/सिक्किम से अध्ययन भ्रमण पर आए पत्रकारों के दल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है और सरकार इसे सुंदर, समृद्ध, सुरक्षित व विकसित बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश का 44% हिस्सा वन क्षेत्र है और वनोपज आधारित गतिविधियों से जनजातीय समुदाय आर्थिक रूप से सशक्त हो रहा है। उन्होंने तेंदूपत्ता संग्रहण की बढ़ी दर, चरण पादुका योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और नक्सल पुनर्वास नीति की जानकारी भी दी।
साय ने कहा कि नक्सलवाद अब अंतिम चरण में है और पुनर्वास नीति के तहत अब तक 2,500 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। वहीं, ‘नियद नेल्ला नार’ योजना से दूरस्थ क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं।
पत्रकारों ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और लोगों के आत्मीय व्यवहार की सराहना की। सिक्किम की पत्रकार अर्चना प्रधान ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने उन्हें “भारतीय होने का गर्व” महसूस कराया।मुलाकात के दौरान पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को सिक्किम की पारंपरिक ‘थांका’ पेंटिंग भेंट की।

