रायपुर/राजधानी रायपुर के मोवा स्थित सतनाम भवन परिसर से आज “विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा” का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धार्मिक विधि-विधान के साथ हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को पावन गिरौदपुरी धाम के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने पवित्र जैतखाम की पूजा-अर्चना कर गुरु घासीदास बाबा का पुण्य स्मरण किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए कहा कि गुरु घासीदास बाबा का “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा समाज में सद्भाव, समरसता और भाईचारे को और मजबूत करेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सामाजिक हितों को गति देने के लिए विशेष प्राधिकरण का गठन भी किया गया है।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता, मानव कल्याण और एकता का संदेश देना है। उन्होंने सभी लोगों से भेदभाव और द्वेष से ऊपर उठकर “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में धर्मगुरु गुरु श्री बालदास साहेब, विधायक ललित चंद्राकर, विधायक मोतीलाल साहू, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित संत समाज और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
गौरतलब है कि रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक प्रस्तावित यह पदयात्रा 18 से 22 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान गिरौदपुरी धाम मेले में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनका उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव का संदेश फैलाना है।

