कोरबा/छत्तीसगढ़ के कोरबा विधानसभा क्षेत्र में शासकीय स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर विधायक एवं प्रदेश के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने शुक्रवार को 3.08 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें 32 शासकीय विद्यालयों में बालक-बालिका शौचालय और 21 स्कूलों में किचन शेड निर्माण शामिल है।

दर्री जोन के शासकीय स्कूल अगारखार के पास आयोजित कार्यक्रम में मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत सहित अन्य अतिथियों ने विधिवत भूमि पूजन और शिलान्यास किया।
इस दौरान मंत्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्राथमिक से लेकर उच्चतर माध्यमिक स्तर तक स्कूलों की अधोसंरचना को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला खनिज न्यास मद से स्कूलों में नए भवन, अलग-अलग शौचालय, किचन शेड और बाउंड्रीवाल जैसे कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।

कोसाबाड़ी जोन स्थित सरस्वती शिशु मंदिर सीएसईबी कोरबा में आयोजित दूसरे कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि सुशासन की सरकार में कोरबा शहर और जिले का सर्वांगीण विकास हो रहा है। जनता की जरूरतों और मांगों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर जैसे संस्थान बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार भी दे रहे हैं और यहां से निकले विद्यार्थी समाज के विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व कर रहे हैं।

वहीं महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास के हर पैमाने पर काम कर रही है। शहर में सीसी रोड, नाली, पेयजल, सफाई व्यवस्था, स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। साथ ही शहर के 10 नालों को जोड़कर एसटीपी प्लांट के माध्यम से पानी के ट्रीटमेंट की योजना पर भी काम चल रहा है।
कार्यक्रम में मौजूद क्षेत्रवासियों ने सरकार और मंत्री लखन लाल देवांगन के प्रयासों की सराहना की। लोगों ने कहा कि स्कूलों में शौचालय नहीं होने से बच्चों को काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब इन सुविधाओं के बनने से विद्यार्थियों को बेहतर माहौल मिलेगा और शिक्षा की गुणवत्ता भी बढ़ेगी।
इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन
दर्री जोन के 32 शासकीय विद्यालयों में 1.60 करोड़ रुपये की लागत से बालक-बालिका शौचालय निर्माण तथा 21 स्कूलों में 73 लाख रुपये की लागत से किचन शेड बनाए जाएंगे। इसके अलावा कोसाबाड़ी जोन में वार्ड क्रमांक 19 में सरस्वती शिशु मंदिर में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से अतिथि स्वरूप भवन, वार्ड 22 में रोड और शेड निर्माण (10 लाख), वार्ड 24 नेहरू नगर में ग्रीन बेल्ट निर्माण (30 लाख) तथा वार्ड 21 में गायत्री यज्ञपीठ सीएसईबी कॉलोनी में अतिरिक्त भवन और जीर्णोद्धार कार्य (करीब 10 लाख रुपये) शामिल हैं।

