रायपुर/राजधानी नवा रायपुर में आयोजित ऑल इंडिया हेल्थ साइंसेज वाइस चांसलर मीट-2026 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर बड़ा विजन पेश किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला हैं और इस दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस मंच के जरिए स्वास्थ्य शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में नवाचारों का आदान-प्रदान होगा, जिससे आने वाले समय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का रास्ता खुलेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा और पारंपरिक औषधीय ज्ञान के संगम से छत्तीसगढ़ एक मजबूत स्वास्थ्य मॉडल के रूप में उभरेगा।
सीएम साय ने बताया कि प्रदेश में 5 नए मेडिकल कॉलेज, 14 नर्सिंग कॉलेज और एक होम्योपैथी कॉलेज का निर्माण जारी है। वहीं राजधानी में 5000 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल विकसित करने के लिए मेडिसिटी हब बनाया जा रहा है, जिससे विश्वस्तरीय इलाज की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक का इलाज मिल रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में भरोसा बढ़ा है। साथ ही बढ़ती बीमारियों को देखते हुए “आरोग्य मंदिर” जैसी पहल को भी जरूरी बताया।मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि 13 अप्रैल से सुकमा में “मुख्यमंत्री बस्तर स्वास्थ्य योजना” शुरू होगी, जिसके तहत लाखों लोगों की हेल्थ स्क्रीनिंग और आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।

