रायपुर/भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 1994 बैच के वरिष्ठ अधिकारी विकास शील ने आज मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ के 13वें मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार ग्रहण किया।
अंतरराष्ट्रीय अनुभव से राज्य प्रशासन तक
कार्यभार संभालने से पहले विकास शील एशियन डेवलपमेंट बैंक, मनीला में कार्यकारी निदेशक पद पर पदस्थ थे। वर्ष 2018 से वे भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति पर रहे और स्वास्थ्य विभाग तथा जल शक्ति मंत्रालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। जल जीवन मिशन में मिशन डायरेक्टर के रूप में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही।
छत्तीसगढ़ से गहरा जुड़ाव
विकास शील को आईएएस बनने के बाद मध्यप्रदेश कैडर मिला था। नवंबर 2000 में राज्य विभाजन के बाद वे छत्तीसगढ़ कैडर में आए। उन्होंने कोरिया, बिलासपुर और रायपुर के कलेक्टर के रूप में काम किया। अप्रैल 2007 से अप्रैल 2008 तक वे राजधानी रायपुर के कलेक्टर रहे। इसके अलावा, स्कूल शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य विभागों के सचिव के रूप में भी उनकी सेवाएं रही हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
10 जून 1969 को जन्मे विकास शील ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. और एम.ई. की पढ़ाई की। बाद में उन्होंने अमेरिका की सिरैक्यूज़ यूनिवर्सिटी से लोक प्रशासन में मास्टर और एक्जीक्यूटिव मास्टर डिग्री हासिल की। साथ ही, स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन एवं नीति में एडवांस्ड स्टडी का सर्टिफिकेट कोर्स भी किया।
नए मुख्य सचिव के रूप में विकास शील से राज्य प्रशासन में नई ऊर्जा और प्रभावी नेतृत्व की उम्मीद की जा रही है।

