रायपुर/छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के दुतकैया गांव में रविवार देर रात उस वक्त हालात बेकाबू हो गए, जब दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते गांव में आगजनी और पथराव शुरू हो गया। उपद्रवियों ने कई घरों को आग के हवाले कर दिया। हालात संभालने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया गया, जिसमें कई जवान घायल हो गए हैं।
पुलिस पर पथराव, जवान घायल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पथराव में कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
IG अमरेश मिश्रा पहुंचे मौके पर
आईजी अमरेश मिश्रा के मौके पर पहुंचने और अतिरिक्त बल की तैनाती के बाद हालात पर काबू पाया जा सका। फिलहाल पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। गांव में कर्फ्यू जैसे हालात बने हुए हैं और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
CM विष्णु देव साय का बयान
इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा—घटना प्रशासन के संज्ञान में है। जो भी इस घटना का दोषी है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।”मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाएगी।

